२३ मई, २०१० रविवार को हरियाणा कश्यप राजपूत धर्मशाला, कुरूक्षेत्र में सृष्टि सृजक एवं सप्तऋर्षि महर्षि कश्यप की जयन्ती बड़ी धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डा. राम प्रकाश थे और जयन्ती समारोह की अध्यक्षता हरियाणा कश्यप समाज के सरपस्त बलजीत सिंह मतौरिया ने की। कार्यक्रम के संयोजक हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के प्रदेशाध्यक्ष देशराज कश्यप थे।
इन्द्री के विधायक डा. अशोक कश्यप यज्ञ आहुति डालते हुए, साथ में हैं सरपरस्त बलजीत सिंह मतौरिया
जयन्ती पर एक यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया गया। यज्ञ इन्द्री विधायक डा. अशोक कश्यप के सौजन्य से किया गया।
इन्द्री के विधायक डा. अशोक कश्यप जयंती समारोह को संबोधित करते हुए
महर्षि कश्यप जयन्ती समारोह को संबोधित करते हुए अतिथि डा. अशोक कश्यप ने कहा कि जो लोग अपने पूर्वजों, संस्कारों एवं विचारों को भूल जाते हैं, वो दुनिया से मिट जाते हैं। इसलिए हमें अपने महर्षि कश्यप जी जैसे महान संतों, मुनियों, गुरूजनों को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने समाज से आह्वाने करते हुए कहा कि समाज संगठित हो और शिक्षा पर जोर दे, ताकि हमारा समाज तरक्की कर सके।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डा. राम प्रकाश जयंती समारोह को संबोधित करते हुए
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डा. राम प्रकाश ने कहा कि समाज को अपने अन्दर आई बुराईयों को त्यागना होगा। उन्होंने कहा कि समाज में नशे की लत, आपसी ईष्र्या द्वेष, दहेज प्रथा जैसी अनेक बुराईयां आ चुकी हैं, जिन्हें दूर करना चाहिए। डा. राम प्रकाश ने कहा कि अपने बच्चों को जरूर से जरूर पढ़ाना चाहिए। जब तक हमारे बच्चे इंजीनियर, डॉक्टर, एमबीबीएस, एमबीए आदि की शिक्षा हासिल नहीं करेंगे तब तक हमारा समाज कभी भी आगे नहीं बढ़ सकेगा। राज्यसभा सांसद डा. राम प्रकाश ने आगे कहा कि समाज को संगठित होकर काम करना चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमन्त्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के मन में पिछड़ों एवं दलितों के उत्थान की बहुत बड़ी कसक है। यदि समाज मिलकर उनके साथ खड़ें हों तो हमारा सबका भला हो सकता है। डा. राम प्रकाश ने अपने संबोधन में विश्वास दिलाया कि यदि कश्यप समाज संगठित होकर आगे बढ़ा तो निश्चित तौरपर उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डा. राम प्रकाश को पगड़ी पहनते हुए सरपरस्त बलजीत सिंह मतौरिया
जयन्ती समारोह में हरियाणा कश्यप राजपूत सभा की तरफ से विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद डा. राम प्रकाश, इन्द्री विधायक डा. अशोक कश्यप, सरपस्त बलजीत सिंह मतौरिया आदि को पगड़ी पहनाई गई।
सरपरस्त बलजीत सिंह मतौरिया जयंती समारोह को संबोधित करते हुए
जयन्ती समारोह को संबोधित करते हुए सरपरस्त बलजीत सिंह मतौरिया ने कहा कि अब कश्यप समाज जाग चुका है और अपने हित-अहित की बात बखूबी समझता है। उन्होंने सांसद नवीन जिन्दल के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि हमारे सांसद महोदय कार्यक्रम में आने की सहमति देने के बावजूद इस बार भी कश्यप समाज के बीच नहीं पहुंचे। इससे समाज को भारी निराशा महसूस हुई है। उल्लेखनीय है कि पिछली बार सांसद नवीन जिन्दल स्वयं न आकर अपनी पत्नी को कार्यक्रम में भेजा था। सरपरस्त बलजीत सिंह मतौरिया ने कहा कि जो महानुभव कार्यक्रम में आने की सहमति देने के बावजूद नहीं आता है तो वह समाज में एक गलत सन्देश पहुंचाता है। इसलिए इस विषय पर सरकार को आत्म-मन्थन अवश्य करना चाहिए। सरपरस्त बलजीत मतौरिया ने समाज से आह्वान किया कि वे निरन्तर आगे बढ़ते रहें और संगठित होकर चलें, निश्चित तौरपर पर समाज का भला होगा।
सांसद नवीन जिन्दल द्वारा भेजे गए सन्देश-पत्र को पढ़कर सुनते हुए हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के प्रदेशाध्यक्ष देशराज कश्यप
जयन्ती समारोह में अपरिहार्य कारणों के चलते विशिष्ट अतिथि सांसद नवीन जिन्दल नहीं पहुंच सके। उन्होंने इस अवसर पर अपने पी.ए. को एक पत्र के माध्यम से कश्यप समाज को महर्षि कश्यप जयन्ती की बधाईयां एवं शुभकामनाएं भेंजीं और कार्यक्रम में न पहुंच पाने का अफसोस जताया। सांसद नवीन जिन्दल द्वारा भेजे गए सन्देश-पत्र को हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के प्रदेशाध्यक्ष देशराज कश्यप ने मंच से पढ़कर सुनाया।
सांसद नवीन जिन्दल द्वारा भेजे गया सन्देश-पत्र
जयन्ती समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष स. हरमोहिन्दर सिंह चठ्ठा की अनुपस्थिति भी कश्यप समाज को काफी अखरी।
चेयरमैन एवं एडवोकेट प्रेम सिंह जयंती समारोह को संबोधित करते हुए
जयन्ती समारोह को हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के चेयरमैन एवं एडवोकेट प्रेम सिंह ने समाज के नेताओं से आह्वान किया कि वे हकीकत में लीडर बनकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सुख-दु:ख में हमेशा अपने समाज के साथ जुड़ा रहता है, वहीं सच्चे अर्थों में समाज का लीडर है। चेयरमैन ने आगे कहा कि वे निजी स्वार्थों एवं संकीर्णता को त्यागकर समाज हित में काम करें। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा एवं संस्कार दें।
हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के प्रदेश प्रवक्ता, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सैल के चेयरमैन व जिला रोहतक के प्रधान राजेश कश्यप जयंती समारोह को संबोधित करते हुए
जयन्ती समारोह में हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के प्रदेश प्रवक्ता, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सैल के चेयरमैन व जिला रोहतक के प्रधान राजेश कश्यप ने सृष्टि सृजक एवं प्रमुख सप्तऋषि महर्षि कश्यप की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। राजेश कश्यप ने बताया कि वे एक ऐसा ग्रन्थ लिखने में जुटे हुए हैं, जिसमें महर्षि कश्यप का विस्तार से बखान होगा। उन्होंने समाज के बीच महर्षि कश्यप जयन्ती पर दैनिक ट्रिब्यून में प्रकाशि विशेष लेख की फोटोप्रतियां भी बांटी, ताकि समाज में महर्षि कश्यप के बारे में अधिक से अधिक ज्ञान पहुंच सके।
निवेदिता पब्लिक स्कूल की छात्रा देशभक्ति प्रस्तुति ‘आई लव माय इण्डिया’ देती हुयी
जयन्ती समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसमें निवेदिता पब्लिक स्कूल की छात्रा संयोगिता द्वारा की गई देशभक्ति प्रस्तुति ‘आई लव माय इण्डिया’ ने सबका मन मोह लिया।
निवेदिता स्कूल की गीता, आरती एवं सहेलियों द्वारा प्रस्तुत किया गया पंजाबी गिद्धा
इसके उपरांत निवेदिता स्कूल की गीता, आरती एवं सहेलियों द्वारा प्रस्तुत किया गया पंजाबी गिद्धा अत्यन्त सराहनीय रहा।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय, दयालपुर, कुरूक्षेत्र की छात्राओं आंचल, पायल व अन्य सहेलियों द्वारा ‘कृष्ण-सुदामा’ की आदर्श मित्रता को दर्शाती प्रस्तुति
राजकीय माध्यमिक विद्यालय, दयालपुर, कुरूक्षेत्र की छात्राओं आंचल, पायल व अन्य सहेलियों द्वारा ‘कृष्ण-सुदामा’ की आदर्श मित्रता को दर्शाती प्रस्तुति ने सबको भाव-विहल कर दिया।
निवेदिता पब्लिक स्कूल की छात्रा शालू ने ‘आजा नच ले’ प्रस्तुती देते हुए
निवेदिता पब्लिक स्कूल की छात्रा शालू ने ‘आजा नच ले’ नृत्य के जरिए समारोह में हर किसी को झूमने के लिए विवश कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रतिभागी छात्राओं को कश्यप समाज की तरफ से नकद धनराशि से सम्मानित किया गया।
जयन्ती समारोह को अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में हरियाणा कश्यप राजपूत सभा के प्रदेशाध्यक्ष देशराज कश्यप ने सभी मेहमानों, विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का धन्यवाद व्यक्त किया और समाज से आह्वान किया कि वे हर जिले व ब्लॉक में अपने महर्षि कश्यप जयन्ती को बड़ी धूमधाम से मनाएं और समाज को आगे बढ़ाने में अपना भरपूर सहयोग दें।
लंगर छकते श्रृद्धालु
इस अवसर पर लंगर भी लगाया गया.
