सोमवार, 24 दिसंबर 2018

हरियाणा के जीन्द जिले में हुआ शानदार सामाजिक एकता एवं राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन


हरियाणा के जीन्द जिले में हुआ शानदार सामाजिक एकता एवं राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन

दिनांक 23.12.2018 को हरियाणा के जीन्द जिले की हरियाणा कश्यप राजपूत धर्मशाला में एकलव्य सेना एवं फूलन सेना के तत्वावधान में सामाजिक एकता एवं राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता हरियाणा कश्यप राजपूत सभा (184) के प्रधान श्री समय सिंह कश्यप जी ने की और बतौर मुख्य अतिथि ‘एकलव्य सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भूतपूर्व सांसद स्व. श्रीमती फूलन देवी जी के पति आदरणीय श्री उम्मेद सिंह कश्यप जी ने शिरकत की, जबकि संचालन कश्यप निषाद मल्लाह विकास मंच के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री वीरभान आर्य जी ने किया। सम्मेलन के आयोजन में हरियाणा कश्यप राजपूत सभा (184) के पूर्व प्रधान श्री प्रवीण कुमार कश्यप जी का सराहनीय योगदान रहा। सम्मेलन से पूर्व मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि को हरियाणा की आन-बान और शान की प्रतीक पगड़ी पहनाई गई। 

जागरूकता सम्मेलन में विचार-मन्थन के मुख्य विषय

1.     सामाजिक एकता
2.     राजनीतिक भागीदारी

समाज के लिए अपनी जान भी कर दूंगा कुर्बान : उम्मेद सिंह कश्यप
 ‘एकलव्य सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह कश्यप जी ने समाज को एकजूट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्व. फूलन देवी की तरह अपने मान-सम्मान और स्वाभिमान के लिए डटकर संघर्ष करना सीखें और उनकीं तरह समाज में जागरूकता की मिसाल कायम करें। श्री उम्मेद सिंह कश्यप ने कहा कि संकीर्ण मानसिकता के लोग नहीं चाहते कि हम आगे बढ़ें। हमें आगे बढ़ने से रोकने के लिए या तो वीर धनुर्धर एकलव्य की तरह अंगूठा छल से काट लिया जाता है या फिर फूलन देवी की तरह जान से मार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वे फूलन की तरह अपने समाज के मान-सम्मान व स्वाभिमान के लिए अपनी जान देने से भी पीछे नहीं हटेंगे। हम डटकर हर चुनौती का सामना करेंगे। हम अपने समाज की एकता को अटूट बनाएंगे और राजनीतिक भागीदारी भी हासिल करेंगे। श्री उम्मेद सिंह कश्यप ने कहा कि जिस दिन आप अपने अधिकारों के लिए एक होकर एक स्वर में आवाज बुलन्द करेंगे, उसी दिन आपको सफलता हासिल हो सकेगी। इसलिए, हमें हर मतभेद व मनभेद को भुलाकर एक साथ खड़े हो जाना चाहिए। ‘एकलव्य सेना’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह कश्यप जी ने कहा कि अब कश्यप समाज दलित व पिछड़ा वर्ग को एकजूट करने के लिए कमर कस चुका है। उन्होंने कहा कि अब हम सभी दलित व पिछड़े लोग समाजहित में एकजूट होंगे और राजनीतिक क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित करके दम लेंगे। श्री उम्मेद सिंह कश्यप ने कहा कि हमारे साथ बहुत धोखा हो चुका है, अब हम किसी के धोखे में आने वाले नहीं हैं। हम स्वयं की एकजूटता सुनिश्चित करेंगे और एकजूट होकर अपने अधिकारों को हासिल करेंगे। श्री उम्मेद सिंह कश्यप ने आगे कहा कि समाज की आन-बान और शान के लिए वे अपने खून का कतरा-कतरा बहा देंगे और समाज जो भी आदेश, निर्देश अथवा सलाह देगा, वे उस पर अमल करेंगे। उनका बस एक ही सपना है कि हमारा दलित, वंचित एवं पिछड़ा समाज एकजूट हो, उन्नत हो और राजनीतिक भागीदारी के साथ-साथ अपने सभी हकों को हासिल करे।
हरियाणा कश्यप समाज के समर्पित एवं कर्मठ लोगों के लिए राजनीतिक नेतृत्व का सुनहरा अवसर

सामाजिक एकता एवं राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन में यह तथ्य के प्रमुखता से उभरकर सामने आया कि वर्ष 2019 के चुनाव हरियाणा कश्यप समाज के समर्पित एवं कर्मठ लोगों के लिए राजनीतिक नेतृत्व का सुनहरा अवसर लेकर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में जनसंख्या के हिसाब से कश्यप समाज पिछड़ा वर्ग में प्रथम स्थान पर आता है और दो दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाता है। अपरिहार्य कारणों से विडम्बनावश अब तक इन समीकरणों का समाज के समर्पित व कर्मठ लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पाया था। लेकिन, अब समाज के निष्ठावान, समर्पित, जुझारू और कर्मठ लोगों को चुनावी मैदान में उतारा जायेगा और उन्हें तन-मन-धन से पूरा सहयोग किया जायेगा। हरियाणा कश्यप समाज अन्य पिछड़ा वर्ग, दलित व वंचित समाज के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगा और पिछड़े समाज के लिए एक संयुक्त आदर्श नेतृत्व खड़ा करने का अभूतपूर्व कार्य करेगा। इसके लिए जल्द ही ‘एकलव्य सेना के साथ मिलकर लोकसभा से लेकर विधानसभा तक और जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक के कर्मठ नेताओं को मान-सम्मान के साथ अपना योगदान सुनिश्चित करने का स्वर्णिम अवसर प्रदान किया जायेगा। सम्मेलन में ‘एकलव्य सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह कश्यप जी ने खुला ऐलान किया कि समाज समर्पित, जुझारू और कर्मठ लोगों को वर्ष 2019 के चुनावों में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतारा जायेगा और पिछड़ा वर्ग को एकजुट करके उनकीं जीत को सुनिश्चित करने का काम किया जायेगा।

सामाजिक एकता एवं राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए लिया संकल्प

सम्मेलन में तमाम समाजसेवी बुद्धिजीवियों ने एक स्वर में सामाजिक एकता एवं राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का संकल्प लिया। दलित व पिछड़े वर्ग के लोगों को एकजूट होने का आह्वान किया। सम्मेलन में सभी वक्ताओं ने सामाजिक एकता पर जोर दिया और अपने अमूल्य सुझावों से अवगत करवाया। 

विशिष्ट अतिथि के रूप में अनेक बुद्धिजीवी समाजसेवियों ने की सक्रिय भागीदारी

सामाजिक एकता एवं राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनेक बुद्धिजीवी समाजसेवियों ने की सक्रिय भागीदारी दर्ज करवाई। इनमें प्रमुख रूप से पटना (बिहार) से श्री उपेन्द्र साहनी जी, राष्ट्रीय अखिल सामाजिक न्याय मोर्चा से रामकिशन सैन जी, पूर्व बीएसएफ के एडीशनल डारेक्टर जनरल श्री मनोहर बाथम जी, गोरखपुर से श्री ज्ञानेन्द्र निषाद जी, दिल्ली से श्री राकेश कश्यप जी, श्री सुभाष कश्यप जी, कु. प्रिती कश्यप जी, श्री रोहताश कश्यप जी, राजेश कश्यप जी, जीन्द से हरियाणा कश्यप राजपूत सभा (184) के पूर्व प्रधान श्री प्रवीण कुमार कश्यप जी, बिलासपुर से श्री चतर सिंह कश्यप जी, यमुनानगर से श्री महेश कश्यप जी, करनाल से श्री जय भगवान कश्यप जी, कुरूक्षेत्र से श्री दलबीर कश्यप जी, पानीपत से श्री शिवचरण कश्यप जी, श्री लखमीचन्द कश्यप जी, हिसार से मास्टर महावीर जी, सोनीपत से श्री दयानंद पंवार जी, कैथल से श्री सुलतान सिंह कश्यप जी, पंचकूला से श्री जसमेर कश्यप जी, श्री शिव कुमार कश्यप जी, पानीपत से श्री आर.डी. कल्याण जी, गुड़गांव से श्री शमशेर कश्यप जी, रोहतक से श्री राजेश कश्यप ‘टिटौली’ जी आदि शामिल थे। 

8 जनवरी, 2019 को दिल्ली में होगा संयुक्त सामाजिक सम्मेलन

सामाजिक एकता एवं राजनीतिक जागरूकता सम्मेलन में मुख्य अतिथि श्री उम्मेद सिंह कश्यप जी ने आगामी 8 जनवरी, 2018 को दिल्ली में देशभर के कश्यप समाज सहित अन्य पिछड़े समाज के समाजसेवी बुद्धिजीवियों का संयुक्त सामाजिक सम्मेलन बुलाने और अधिकारों के लिए सिंहनाद करने का ऐलान किया। इस संयुक्त सामाजिक सम्मेलन में भी सामाजिक एकता को मजबूत करने और अपनी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गहन चिंतन-मंथन होगा। इसके साथ ही समाज की आगे की रणनीति तय की जायेगी। श्री उम्मेद सिंह कश्यप जी ने इस संयुक्त सामाजिक सम्मेलन में सभी से बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने आह्वान किया कि समाजहित में आप दिल्ली सम्मेलन में अपनी भागीदारी जरूर सुनिश्चित करें। 

रिपोर्ट :

राजेश कश्यप ‘टिटौली’
मोबाईल/वाट्सअप नं.: 9416629889